लखनऊ/उमेश कुमार यादव। समाजवादी पार्टी से एमएलसी पुष्पराज उर्फ पम्पी जैन के घर छापेमारी पर राजनीति तेज हो गई है। अब सपा प्रमुख अखिलेश यादव कन्नौज में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले से पता था कि समाजवादियों के यहां छापे पड़ेंगे। बीजेपी पर निशाना साधते हुए अखिलेश बोले कि नफरत की दुर्गंध फैलाने वाले सोहार्द की सुगंध कैसे पसंद करेंगे। अखिलेश बोले कि कन्नौज सुगंध की राजधानी है। इत्र के व्यापार से कारोबारी और किसान दोनों जुड़े हैं। इससे कई अन्य कारोबार भी जुड़े हैं।
समाजवादी पार्टी का दावा है कि अखिलेश यादव की यह प्रेस कॉन्फ्रेंस पहले से तय थी। इसमें उनके साथ कन्नौज से एमएलसी पुष्पराज उर्फ पम्पी जैन भी शामिल होने वाले थे, लेकिन इस खबर के बाहर आते ही भाजपा सरकार ने सपा एमएलसी के यहां छापा पड़वा दिया।
शुक्रवार को मुंबई के मलाड में भी इनकम टैक्स विभाग ने छापा मारा था। ये जगह भी पुष्पराज जैन से जुड़ी है। यहां स्थित अशोक इनक्लेव अमार्टमेंट में टीम आई थी, जो कि कुछ देर बाद लौट भी गई। कन्नौज के बाद लखनऊ में भी इत्र कारोबारी के परिवारीजनों के घर पर छापेमारी हुई है।
इनकम टैक्स की टीमों ने 2 गाड़ियों से मोहमद याकूब मलिक के भाई मोहसिन के घर पर छापेमारी की। हजरतगंज स्थित मोहसिन की कोठी पर इनकम टैक्स की टीमों की छापेमारी जारी है। स्थानीय पुलिस के साथ इनकम टैक्स के 4 अधिकारी मोहसिन के घर पहुंचे। मोहम्मद याकूब के ठिकानों पर भी छापा पड़ा है। पुष्पराज के ठिकानों की छानबीन में आयकर विभाग को पुष्पराज जैन और उनके परिवार से जुड़े 10 बैंक खातों का पता चला है। ये खाते मुंबई और कन्नौज में खुले हैं। इनकी डिटेल्स जुटाई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, जैन ने शेयर मार्केट और बैंक में काफी पैसा जोड़ा है।
जानकारी मिली है कि इनकम टैक्स विभाग पुष्पराज जैन के अलावा एक अन्य इत्र कारोबारी के यहां छापेमारी कर रहा है। छापेमारी सुबह 8 बजे शुरू हुई थी। इसमें कानपुर, कन्नौज, मुंबई, सूरत और तमिलनाडु के 8 ठिकानों पर छापेमारी जारी है। इसमें सपा एमएलसी पुष्पराज जैन के कन्नौज के साथ-साथ अन्य ठिकानों पर भी छापेमारी जारी है। जानकारी के मुताबिक, पुष्पराज जैन की कंपनी प्रगति एरोमा का रीजनल ऑफिस मुंबई में है। मुंबई दफ्तर से दुबई, अबू धाबी समेत कई देशों में एक्सपोर्ट किया जाता है।
कंपनी के सभी 4 डायरेक्टर पुष्पराज जैन के भाई हैं। इसमें अतुल जैन और पुष्पराज जैन कन्नौज और कानपुर में काम संभालते हैं। वहीं प्रभात जैन और पंकज जैन मुंबई से काम देखते हैं। सपा ने ट्वीट में लिखा कि इससे भाजपा का डर और बौखलाहट साफ है और जनता भाजपा को सबक सिखाने के लिए तैयार है।
पुष्पराज उर्फ पम्पी जैन कौन है
बता दें कि अखिलेश यादव ने 9 नवंबर को समाजवादी इत्र लांच किया था। पुष्पराज उर्फ पम्पी जैन जो कि सपा एमएलसी हैं उन्होंने यह इत्र तैयार कराया था। आज अखिलेश यादव जैन के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले थे। जैन के साथ-साथ मलिक परफ्यूमर्स के ठिकानों पर भी छापेमारी हुई है। मलिक परफ्यूमर्स के मालिक मलिक मियां के ठिकानों पर कन्नौज में छापेमारी हुई है। मलिक मियां इत्र के सबसे बड़े और पुराने कारोबारियों में गिने जाते हैं। एक और इत्र कारोबारी मोहम्मद याकूब के यहां भी छापा मारा गया है।
एक मीडिया इंटरव्यू में पुष्पराज जैन ने कहा था कि जब कारोबारी आगे बढ़ेगा तो देश बढ़ेगा। उन्होंने कहा था कि सरकार को कारोबारियों के लिए व्यापारिक माहौल बनाना चाहिए, ताकि देश को फायदा हो। समाजवादी परफ्यूम दिखाते हुए उन्होंने कहा था कि हम ये परफ्यूम सपा के ऑफिस में फ्री में बांटते हैं, इससे दुश्मनी खत्म होती है।
पुष्पराज जैन ने कहा था कि ये कठिन समय है। ऐसे में सरकार को ऐसी नीतियां बनानी चाहिए जिससे लोगों को कारोबार करने में आनंद आए। क्योंकि व्यापार समृद्ध होगा तो देश बढ़ेगा। उन्होंने कहा था कि सरकार को इत्र उद्योग को टैक्स में छूट देने पर विचार करना चाहिए।