हरिद्वार। आम आदमी पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी प्रवीण कुमार ने भाजपा की घोषित पहली सूची पर आपत्ति जताते हुए इसे जनता के साथ क्रूर मजाक बताते हुए कहा कि ज्वालापुर से बलात्कार के आरोपी विधायक को दोबारा टिकट देना प्रदेश की महिलाओं का अपमान है। उन्होंने कहा कि एक तरफ भारतीय जनता पार्टी महिला सशक्तिकरण की बात करती है वहीं दागी, भ्रष्ट और बलात्कारी नेताओं को दोबारा टिकट देकर प्रदेश की भोली भाली जनता के साथ भद्दा मजाक कर रही है। प्रदेश की जनता भाजपा की नीयत और नियति को अच्छी तरह पहचान चुकी है, अब इनके जुमलो में आने वाली नही है। प्रदेश सह प्रभारी प्रवीण कुमार शुक्रवार को पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से रूबरू हो रहे थे।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा देते है पर इनकी सरकार के कार्यकाल में इनके नेता महिलाओ और बेटियो का शोषण करते है। भाजपा की पहली लिस्ट में सभी दागियों को टिकट देकर भाजपा ने स्पष्ट कर दिया कि वह लोकतंत्र में विश्वास नहीं करती। उन्होंने कहा कि सुरेश राठौर मामले पर उच्चतम न्यायालय में स्वतः संज्ञान लिया है और उसकी जांच बैठा दी है, फिर भी पार्टी ने उन्हें दोबारा टिकट दिया है।
भाजपा के अधिकांश विधायको पर उनके कार्यकाल में भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे स्वयं उनके कार्यकर्ता और क्षेत्र की जनता मौजूदा विधायको को टिकट देना का विरोध कर रहे हैं, बावजूद पार्टी ने सभी विरोधों को दरकिनार कर दागियों को टिकट देने का काम किया है। परिवारवाद का आरोप लगाने वाली पार्टी ने सबसे ज्यादा टिकट दिए है। भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर मौजूदा विधायको की पत्नी को टिकट दिए है। इस बार की सीधी लड़ाई राजा बनाम प्रजा की होने जा रही है।
इस बार प्रजा जीतेगी और राजा हारेगा। उत्तराखंड की जनता ने वर्तमान धामी सरकार को उखाड़ फैखने का मन बना लिया है। जिस सरकार का मुख्यमंत्री खनन में लिप्त हो और जिसका प्रदेश अध्यक्ष कई भ्रष्टाचार में संलिप्त हो ऐसी पार्टी को जनता माफ करने वाली नही है। प्रेसवार्ता में ज्वालापुर प्रत्याशी ममता सिंह, रानीपुर प्रत्याशी प्रशांत राय और जोनल इंचार्ज सुनील लोहिया मौजूद रहे।