देहरादून/डेस्क। भारतीय सैन्य अकादमी (आइएमए) में अंतिम पग भरते ही 319 नौजवान भारतीय सेना का हिस्सा बन गए। इसके साथ ही 68 विदेशी कैडेट भी पास आउट हुए। राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द ने परेड की सलामी ली। सुबह 08 बजकर 50 मिनट पर मार्कर्स काल के साथ परेड का आगाज हुआ।
कंपनी सार्जेट मेजर प्रफुल्ल शर्मा, धनंजय शर्मा, अमित यादव, जय मेरवाड, आश्य ठाकुर, प्रद्युमन शर्मा, आदित्य जानेकर व कर्मवीर सिंह ने ड्रिल स्क्वायर पर अपनी-अपनी जगह ली। 08 बजकर 55 मिनट पर एडवांस कल के साथ ही छाती ताने देश के भावी कर्णधार असीम हिम्मत और हौसले के साथ कदम बढ़ाते परेड के लिए पहुंचे। इसके बाद परेड कमांडर अनमोल गुरुंग ने ड्रिल स्क्वायर पर जगह ली। कैडेट्स के शानदार मार्चपास्ट से दर्शक दीर्घा में बैठा हर एक शख्स मंत्रमुग्ध हो गया।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कैडेटों को ओवरआल बेस्ट परफार्मेंस व अन्य उत्कृष्ट सम्मान से नवाजा। अनमोल गुरुंग को स्वार्ड आफ आनर एवं स्वर्ण पदक प्रदान किया गया, जबकि तुषार सपरा को रजत व आयुष रंजन को कांस्य पदक मिला। कुणाल चौबीसा ने सिल्वर मेडल (टीजी) हासिल किया। सर्वश्रेष्ठ विदेशी कैडेट भूटान के सांगे फेनदेन दोरजी चुने गए। चीफ आफ आर्मी स्टाफ बैनर केरेन कंपनी को मिला। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, आरट्रैक कमांडर ले. जनरल राज शुक्ला, आइएमए कमान्डेंट ले. जनरल हरिंदर सिंह, डिप्टी कमान्डेंट मेजर जनरल आलोक जोशी समेत कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी मौजूद थे।