जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में रविवार को कांग्रेस की मेगा रैली आयोजित की गई। रैली में शामिल होने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी जयपुर पहुंची। सोनिया गांधी लंबे समय बाद किसी सार्वजनिक जनसभा में दिखाई दी हैं, हालांकि सोनिया ने रैली को संबोधित नहीं किया। सोनिया-राहुल के अलावा कांग्रेस ने महंगाई के मुद्दे पर अपने प्रमुख नेताओं को एक मंच पर लाकर भाजपा को सख्त संदेश दिया है। केंद्र की भाजपा सरकार पर हमला बोला। जयपुर के विद्यानगर स्टेडियम में कांग्रेस का विशाल मंच सजाया गया। चारों ओर सोनिया, राहुल समेत कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के पोस्टर और कट आउट लगे हैं और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जमा हुए।
जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि हिन्दू सत्य के लिए मरता है, सत्य उसका पथ है वह आजीवन सत्य की खोज करता है। जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि महात्मा गांधी ने पूरे जीवन सत्य की खोज की, लेकिन हिन्दुत्ववादी गोडसे ने उनका सीना छलनी कर दिया। हिन्दुत्ववादियों को सत्य से कुछ भी लेना देना नहीं है। हिन्दू सत्य की खोज में कभी नहीं झुकता, लेकिन हिन्दुत्ववादी नफरत से भरा होता है। क्योंकि उसके मन में खौफ होता है। राहुल ने कहा कि आप सभी हिन्दू हैं।
राहुल ने कहा हिन्दुत्ववादी सत्ता के भूखे होते हैं। सन 2014 से हिन्दुत्ववादी सत्ता में हैं, हिन्दू सत्ता से बाहर हैं। हमें इन हिन्दुत्ववादियों को हटाकर हिन्दुओं को सत्ता के केंद्र में लाना है। राहुल गांधी ने कहा हमें डराया नहीं जा सकता, हम मौत से नहीं डरते। हिंदुत्ववादी को सिर्फ सत्ता चाहिए, सत्य नहीं। उनका रास्ता सत्याग्रह नहीं, सत्ताग्रह है। हिंदू अपने डर का सामना करता है, वह शिव जी की तरह अपने डर को पी जाता है
राहुल गांधी ने कहा कि दो शब्दों की आत्मा एक जैसी नहीं हो सकती है। ये दो शब्द हैं हिन्दू और हिन्दुत्ववादी। इन दो शब्दों की आत्मा एक जैसी नहीं हो सकती है। कांग्रेस महासचिव ने कहा मैं हिन्दू हूं, लेकिन हिन्दुत्ववादी नहीं हूं। इस देश में दो शब्दों की टक्कर है। एक शब्द हिंदू और एक हिंदुत्व है। दोनों एक शब्द नहीं हैं, ये अलग-अलग शब्द हैं। महात्मा गांधी हिन्दू थे और गोडसे हिन्दुत्वादी था।