इंडोनेशिया में आयोजित इंटरनेशनल पैरा थ्रो – बॉल टूर्नामेंट में भारतीय पैरा खिलाड़ियों ने अपना जलवा दिखाते हुए प्रतियोगिता के फाइनल मैच में मेजबान टीम को 21 – 14 और 21 – 17 के स्कोर से मात देकर गोल्ड मेडल जीता। भारतीय टीम में उत्तराखंड से तीन दिव्यांग खिलाड़ी शामिल थे। तीनों ही खिलाड़ी लक्सर क्षेत्र के रहने वाले हैं।
इंडोनेशिया के जकार्ता में 13 से 18 फरवरी तक आयोजित हुए इंटरनेशनल पैरा थ्रो – बॉल टूर्नामेंट में भारत से सात सदस्यों की टीम ने प्रतिभाग किया था। टीम में लक्सर निवासी दिव्यांग खिलाड़ी दिग्विजय सिंह, प्रदीप कुमार और अकलीम अहमद शामिल थे। दिग्विजय सिंह ने बताया कि टूर्नामेंट में इंडोनेशिया, श्रीलंका, कंबोडिया और भारत की टीमों के बीच मुकाबले हुए। 18 फरवरी को भारत और इंडोनेशिया की टीम की बीच फाइनल मैच खेला गया। इसमें उनकी टीम ने 21 – 14 और 21 – 17 के स्कोर से मेजबान इंडोनेशिया की टीम को हराकर गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने बताया कि टीम को मिली सफलता पर पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, विधायक मोहम्मद शहजाद, पूर्व राज्यमंत्री ठाकुर संजय सिंह, बद्रीवास के अध्यक्ष योगेंद्र चौहान और उत्तराखंड थ्रो बॉल फेडरेशन की अध्यक्ष टेसरिंग चोकी ने फोन पर उन्हें बधाई थी। फेडरेशन की अध्यक्ष ने खिलाडियों के स्वागत की बात कही।

