लक्सर। पुलिस कंट्रोल रूम को लक्सर रेलवे स्टेशन पर बम रखा होने की सूचना मिलने से हड़कंप मच गया। आनन – फानन में जीआरपी और आरपीएफ ने बम निरोधक दस्ते के साथ प्लेटफार्म, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रतीक्षालय, टिकटघर, यार्ड आदि स्थानों पर सघन चेकिंग शुरू कर दी। रुड़की सहित दूसरे रेलवे स्टेशनों पर भी पुलिसकर्मियों को अलर्ट कर दिया। घंटों की छानबीन के बाद सब कुछ सामान्य मिलने पर पुलिस ने राहत की सांस ली। इस दौरान फोन पर सूचना देने वाले को ट्रेस करने की कार्रवाई भी जारी रही। लोकेशन मिलने पर पुलिस टीम ने झूठी सूचना देने के आरोपी कुलबीर निवासी खानपुर को गिरफ्तार कर लिया।लक्सर जीआरपी थानाध्यक्ष रचना देवरानी ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह किसी व्यक्ति ने पुलिस कंट्रोल रूम फोन कर बताया कि लक्सर रेलवे स्टेशन पर बम रखा गया है। कंट्रोल रुम से सूचना प्रसारित होते ही पुलिस हरकत में आ गई। एसपी रेलवेज अरुणा भारती के निर्देश पर तत्काल जीआरपी ने आरपीएफ और बीडीएस के साथ रेलवे स्टेशन, परिसर और ट्रेनों में सघन चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान निकट के रुड़की, डौसनी, लंढौरा, ऐथल, पथरी, रायसी जैसे स्टेशनों पर भी पुलिसकर्मियों को अलर्ट किया गया। घंटों चेकिंग के बाद कोई बम अथवा विस्फोटक नहीं मिलने पर सभी ने राहत की सांस ली। इस बीच पुलिस फोनकर्ता के संबंध में भी जानकारी जुटाती रही। फोनकर्ता की पहचान होने के बाद थानाध्यक्ष रचना देवरानी ने टीम के साथ लोकेशन ट्रेस कर आरोपी कुलबीर निवासी खानपुर थाना खानपुर को हिरासत में लिया। जिस मोबाइल से फोन किया गया था उसे भी आरोपी से बरामद कर लिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पत्नी से हो चुका है आरोपी का तलाक
लक्सर। पुलिस को रेलवे स्टेशन पर बम होने की गलत सूचना देने के आरोप में गिरफ्तार आरोपी कुलबीर स्थानीय टायर फैक्टरी में काम करता है। उसकी करीब पांच साल पहले शादी हुई थी। लेकिन कुछ समय पहले उसका पत्नी से तलाक हो गया था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बृहस्पतिवार को वह नगर में रेलवे ओवर ब्रिज के नीचे रेलवे ट्रैक के समीप खड़ा था। इसी दौरान उसने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर स्टेशन पर बम होने की सूचना दी। इसके बाद वह घर चला गया।

