कंकरखाता गांव निवासी एक युवक की हत्या कर दी गई। युवक का शव पथरी थाना क्षेत्र के जंगल से बरामद हुआ। मृतक 27 जनवरी से लापता था। परिजन ने 30 जनवरी को लक्सर कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, लक्सर कोतवाली क्षेत्र के कंकरखाता गांव निवासी सन्नी ( 20 वर्ष ) 27 जनवरी की शाम को घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। संभावित स्थानों पर तलाश करने के बावजूद उसका कहीं पता नहीं लगने पर 30 जनवरी को परिजन ने कोतवाली पुलिस को उसके लापता होने की सूचना दी थी। युवक की गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस टीम उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस की जांच में युवक के लापता होने के दिन कुछ युवकों को उसके साथ देखे जाने और उनके पथरी क्षेत्र में जाने की जानकारी मिली थी। इसी के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई।

इस दौरान संदिग्धों से भी पूछताछ की गई। सुराग लगाते हुए रविवार की देर शाम को पुलिस ने पथरी थाना क्षेत्र में जंगल से सन्नी का शव बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले में कुछ संदिग्धों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाल रही है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथाण ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश की जा रही थी। उसका शव बरामद हुआ है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। घटना की गहनता से जांच की जा रही है।

