राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से नगर में प्रबुद्ध जन गोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत समाजसेवी और गणमान्य लोगों ने प्रतिभाग किया। मुख्य अतिथि प्रांत सामाजिक समरसता प्रमुख राजेंद्र पंत और वरिष्ठ कार्यकर्ता वेदप्रकाश ने भारत माता के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

कार्यक्रम में राजेंद्र पंत ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एक शताब्दी से देश को सशक्त और अजेय बनाने के लिए कार्य कर रहा है। संघ के कार्यकर्ता आज हर क्षेत्र में राष्ट्र की प्रगति ओर देश को मजबूती दिलाने के कार्य में अपना योगदान दे रहे हैं। संघ की स्थापना के बाद वर्ष 1928 में पथ संचलन में 90 कार्यकर्ता सम्मिलित हुए थे। एक शताब्दी के बाद वर्ष 2025 में 63 हजार स्थानों पर हुए पथ संचलन में 33 लाख से अधिक कार्यकर्ता शामिल हुए। संघ के 3500 प्रचारक अपना सब कुछ त्यागकर देश के लिए स्वयं को समर्पित कर संगठन की नीतियों के प्रसार में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि जिस देश के लिए क्रांतिकारियों ने अपना सर्वस्व न्यौछावर किया उस भारत देश को विश्व में अग्रणीय बनाने के लिए कार्यकर्ता जुटे हैं। उन्होंने इतिहास के उदाहरण देते हुए कहा कि संघ मातृभूमि की रक्षा और देश व देशवासियों के हितों के लिए समर्पित है। इसी का परिणाम है कि आज भारत देश की संपूर्ण विश्व में अलग पहचान है। वक्ताओं ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से राष्ट्र के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की अपील की। कार्यक्रम की अध्यक्षता पं. वेदप्रकाश और संचालन संपर्क प्रमुख एडवोकेट उदयपाल सिंह पंवार ने किया। कार्यक्रम में संपर्क प्रमुख उदयपाल सिंह पंवार, प्रवीण कुमार, अरुण कुमार, ऋषिपाल, प्रियबंधु, रमेश, अतुल गुप्ता, अंबरीश गर्ग, अविनाश कुमार, दिग्विजय सिंह, सुशील सिंघल, राकेश कुमार, महेश चौहान सहित संघ के पदाधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।


