आजाद समाज पार्टी के नेता समाजसेवी इकराम अंसारी ने ईद मिलन समारोह का आयोजन किया। समारोह में पहुंचे आसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि गरीबी, महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं को समाप्त करने के लिए आपसी वैमनस्य और भेदभाव को भुलाकर एकजुट होकर लड़ाई लड़नी होगी। आजाद समाज पार्टी समाज के बेहतर बनाने के लिए कार्य कर रही है।
शनिवार देर शाम को नगर के बसेड़ी गांव में आजाद समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता इकराम हसन के आवास पर ईद मिलन कार्यक्रम में पहुंचे सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि ईद का पर्व परस्पर प्रेम और भाईचारे का संदेश देता है। समाज और राष्ट्र के उत्थान के लिए सभी को मिलजुलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में आसपा बड़ी ताकत बनकर उभरेगी। उन्हांने इकराम अंसारी की सक्रियता और समाजसेवा के जज्बे की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह क्षेत्र की जनता का भरोसा जीतने में सफल होंगे। आसपा नेता इकराम हसन ने कहा कि आसपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यक्रम में पहुंचना दर्शाता है कि पार्टी में छोटे से छोटे कार्यकर्ताओं के लिए भी सम्मान है। कहा कि क्षेत्र के विकास और वंचितों को न्याय और उनका अधिकार दिलाने के लिए संगठन संघर्ष करता रहेगा। क्षेत्र की जनता का समर्थन और स्नेह उन्हें मिल रहा है। जनता के आशीर्वाद से क्षेत्र के विकास को नई उचाइंयों पर ले जाने का कार्य किया जाएगा। इस दौरान मांगेराम, काका सेठपुर, गौरव चौधरी, इकबाल, इरशाद, मुस्तकीम, शहजान सहित बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।


