उत्तराखंड राज्य आंदोलन में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही है। मातृशक्ति ने आंदोलन में आगे बढ़कर संघर्ष किया और राज्य निर्माण की लड़ाई को नई दिशा दी। महिलाओं के त्याग, साहस और संघर्ष के कारण ही उत्तराखंड राज्य आंदोलन को मजबूती मिली। आज भी प्रदेश के विकास और समाज निर्माण में महिलाओं की भूमिका अहम है। यह बात दर्जाधारी राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने शनिवार को लक्सर में भाजपा महिला मोर्चा की ओर से आयोजित महिला सम्मेलन में कही।
उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में जमदग्नि पब्लिक स्कूल में आयोजित सम्मेलन में राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने कहा कि राज्य आंदोलन में महिलाओं ने पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष किया। उनका योगदान प्रदेश के इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिला सशक्तिकरण को केवल योजनाओं तक सीमित नहीं रख रही, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए धरातल पर कार्य कर रही है। लखपति दीदी और उज्ज्वला योजना जैसी योजनाएं महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना विकसित उत्तराखंड की कल्पना नहीं की जा सकती।सम्मेलन की मुख्य अतिथि उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने कहा कि समाज के निर्माण में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़कर नेतृत्व करने में सक्षम हैं। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्रों में मिलकर कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और समाज में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष प्रीति गुप्ता ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की।इस दौरान जिला महामंत्री रेणु शर्मा, चित्रा शर्मा, मंडल अध्यक्ष रक्षा, शिवानी कश्यप, कोमल सैनी, शिल्पी, मनीषा चौधरी, नीतू सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

