बरसात के दौरान नगर वासियों को कमोबेश हर साल ही जलभराव की समस्या से जूझना पड़ता है। अतिवृष्टि के दौरान गंगा व सोलानी नदियों का जलस्तर बढ़ने पर नगर में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो जाती है। सोलानी व पथरी नदी का पानी नगर में घुसने से आमजन को भारी क्षति उठानी पड़ती है। विशेषकर नगर के मुख्य बाजार में नदियों का पानी घुस आना बड़ी समस्या है। नगर में जलभराव की यह समस्या वर्षों पुरानी है।
नगर पालिका प्रशासन ने नगरवासियों को जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए कवायद की है। नगर के दक्षिण क्षेत्र में जलभराव और बाढ़ की समस्या से निजात दिलाने के लिए पालिका प्रशासन ने 1 करोड़ 10 लाख की लागत से नगर के हरिद्वार मार्ग पर निकासी नाले के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया है। नगर के आंबेडकर नगर वार्ड में लक्सर गांव से पथरी नदी तक निकासी नाले का निर्माण कराया जाएगा। पालिका बोर्ड से भी प्रस्ताव को स्वीकृति मिल चुकी है। नगर पालिका के ईओ मौहम्मद कामिल ने बताया कि शीघ्र ही निकासी नाला निर्माण की डीपीआर तैयार हो जाएगी।
बीते साल जलभराव से हुई थी भारी क्षति
वर्ष 2023 में जुलाई माह में तटबंध टूटने से सोलानी और पथरी नदी का पानी नगर में घुस गया था। इससे नगर में कई – कई फीट तक जलभराव हो गया था। जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने के कारण तीन दिनों तक नगर में जलभराव की स्थिति बनी रही थी। इस दौरान व्यापारियों से लेकर आमजन को भारी क्षति और दिक्कतें उठानी पड़ी थीं।
नगर में जलभराव की समस्या का निराकरण प्राथमिकता में है। प्रथम बोर्ड बैठक में निकासी नाले के निर्माण को स्वीकृति दी गई है। शीघ्र निकासी नाले का कार्य शुरु करा दिया जाएगा। नगर में जलनिकास की व्यवस्था को बेहतर किया जाएगा।
संजीव कुमार
अध्यक्ष, नगर पालिका, लक्सर