नेताजी के गन्ना कोल्हू पर पकड़ी बिजली चोरी, मामला दर्जमीटर में शंट लगाने और कटिया डालकर बिजली चोरी के मामले भी पकड़ेसंवाद न्यूज एजेंसीलक्सर/सुल्तानपुर। ऊर्जा निगम की टीम ने एक गन्ना कोल्हू पर छापा मारकर बिजली चोरी पकड़ी। गन्ना कोल्हू एक राजनीतिक दल से जुड़े नेता का बताया गया है। विभागीय टीम के निरीक्षण में एक डेयरी पर भी मीटर में शंट लगाकर बिजली चोरी पकड़ में आई। इसके अलावा चार घरों में भी बिजली चोरी पकड़ी गई। सभी आरोपियों के खिलाफ लक्सर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
ऊर्जा निगम के अवर अभियंता पवन सक्सेना की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया कि विद्युत चोरी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एसडीओ सचिन सचदेवा के नेतृत्व में विभागीय टीम ने सुल्तानपुर क्षेत्र में एक गन्ना कोल्हू पर छापा मारा था। छापेमारी के दौरान यहां सीधे ट्रांसफार्मर से केबल जोड़कर बिजली चोरी पकड़ी गई। जेई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया। वहीं, विभागीय टीम ने अली चौक के निकट से डेयरी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गड़बड़ी मिलने पर डेयरी पर लगे मीटर को सील कर जांच के लिए भेजा गया। जांच रिपोर्ट में मीटर में शंट लगाकर बिजली चोरी किए जाने की बात सामने आई। इसके अलावा सीधडू, खडंजा, झींवरहेड़ी और खेड़ी खुर्द गांव में भी चार घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई। एसडीएम अमीचंद ने बताया कि सभी मामलों में आरोपियों के खिलाफ बिजली चोरी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि विभागीय तहरीर पर मामला दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

