लक्सर। लक्सर जीआरपी ने ट्रेन में चोरी की वारदात को अंजाम देने के आरोप में एक शातिर को गिरफ्तार किया है। पुलिस की पकड़ में आए आरोपी समीर निवासी सहारनपुर के खिलाफ लक्सर के अलावा सहारनपुर जनपद के अलग – अलग थानों में गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट के आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, 29 दिसंबर को रुड़की रेलवे स्टेशन से सरयू यमुना एक्सप्रेस ट्रेन में सवार हो रहे यात्री रोशन कुमार निवासी मधुबनी बिहार का मोबाइल फोन किसी ने चोरी कर लिया था। यात्री की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस घटना की जांच कर रही थी। जांच के दौरान सुराग मिलने पर जीआरपी थानाध्यक्ष रचना देवरानी ने एएसआई अतुल चौहान पुलिस टीम के साथ उत्तर प्रदेश स्थित एक ठिकाने पर दबिश देकर आरोपी समीर निवासी डिफेंस कालोनी सहारनपुर को हिरासत में लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद किया गया। थानाध्यक्ष रचना देवरानी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ लक्सर के अलावा सहारनपुर और गागलहेड़ी में गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट के सात मामले दर्ज हैं। आरोपी बेहद शातिर है। आरोपी से गहनता से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।

