दुल्हन एक और दूल्हा दो …. किसी बॉलीवुड फिल्म के दृश्य की तरह यह स्थिति उस समय देखने को मिली जब एक युवती से शादी करने के लिए दो युवक बरात लेकर पहुंच गए। बैंक्वेट हॉल के बाहर दो बरात एक साथ देख यहां मौजूद मेहमान भी चौंक गए। आसपास के लोग भी कौतुहल के साथ यह सब देखने के लिए जमा हो गए। इस बीच सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
मामला उत्तर प्रदेश के अमरोहा में देखने को मिला। जहां एक ही युवती के साथ शादी करने के लिए दो दूल्हे बरात लेकर पहुंच गए। इससे हर कोई हैरान रह गया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एक दूल्हे व बरातियों को अपने साथ लेकर आई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमरोहा निवासी एक युवती का रिश्ता उसके परिजन ने मुरादाबाद निवासी परिचित युवक के साथ तय किया था। दोनों पक्षों के बीच सहमति से 12 अप्रैल को शादी की तारीख तय की गई थी। लड़के पक्ष की ओर से शादी के कार्ड भी बंट चुके थे। लेकिन ऐन शादी से पहले किसी बात को लेकर बात बिगड़ गई और युवती पक्ष ने रिश्ता तोड़ दिया। युवती के परिजन ने लोकलाज के चलते आनन फानन की संभल में एक दूसरे युवक के साथ युवती का रिश्ता तय कर दिया और 12 अप्रैल को ही शादी की तारीख तय कर दी गई। इधर शादी के कार्ड बंटने और समाज में प्रतिष्ठा धूमिल होने को लेकर मुरादाबाद पक्ष भी शादी की जिद पर अड़ गया। तय तारीख पर मुरादाबाद और संभल निवासी दोनों युवक बरात लेकर बैंक्वेट हॉल के बाहर पहुंच गए। जिससे यहां विवाद और असमंजस की स्थिति पैदा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती से बातचीत कर उसकी इच्छा की जानकारी ली। जिस पर युवती ने संभल के युवक के साथ ही शादी करने की बात कही। पुलिस मुरादाबाद के युवक और बरातियों को समझा बुझाकर अपने साथ ले आई। बाद में उन्हें वापस भेज दिया गया।

