अब मैं दूसरी अमीर लड़की के साथ शादी करूंगा…. जिसके साथ मेरा अफेयर चल रहा है… इतना कहकर युवक ने 17 साल पुराना रिश्ता – तोड़ते हुए पत्नी को तीन तलाक दे दिया।
महिला ने पति सहित ससुराल पक्ष के सात लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुस्लिम विवाह अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में – प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र निवासी महिला ने तहरीर में बताया कि उनकी शादी हरिद्वार जनपद निवासी नाजिम के साथ 17 वर्ष पहले हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसके ससुराल पक्ष के लोग उन्हें कम दहेज लाने को लेकर प्रताड़ित करते थे। उनके तीन बच्चे हैं। दो लड़कियों को जन्म देने के बाद ससुरालवालों का व्यवहार उनके प्रति और खराब होने लगा। लोकलाज के कारण वह सब सहती रही। महिला का आरोप है कि 9 नवंबर को उनके पति नाजिम, सास समीना, देवर नईम, देवरानी अफरोज और ननद शबनम, नाजमा व शबाना ने उनकी असहनीय पिटाई की। उनके पति नाजिम ने उन्हें कहा कि वह उस अमीर लड़की से शादी करेगा जिसके साथ उसका अफेयर चल रहा है। इसके बाद उनके पति ने उन्हें तीन तलाक दे दिया। आरोपियों ने पहने हुए कपड़ों में ही उन्हें घर से निकाल दिया और दोबारा नजर आने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस अधिकारियों ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

