हरिद्वार जनपद में नंदा गौरा योजना के तहत किए गए आवेदनों मंे आय प्रमाणपत्रों में फर्जीवाड़े के मामले में जांच के दौरान लक्सर तहसील क्षेत्र में 28 प्रमाणपत्रों में गड़बड़ी पकड़ में आई है। बाल विकास विभाग की ओर से कराए गए सत्यापन के दौरान संदिग्ध मिलने पर विभाग ने तहसील प्रशासन से प्रमाणपत्रों के संबंध में जानकारी मांगी थी। जांच के बाद तहसील प्रशासन ने अपनी रिपोर्ट विभाग को भेज दी है। इसमें प्रमाणपत्रों से छेड़छाड़ कर कूटरचना किए जाने की पुष्टि हुई है। जिसके बाद विभाग अब संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
बाल विकास विभाग की ओर से संचालित नंदा गौरा योजना के तहत विभाग बालिका के जन्म पर अभिभावक को 11 हजार और बालिका के इंटरमीडिएट परीक्षा उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की अनुदान राशि दी जाती है। हरिद्वार जनपद में योजना के तहत मिले आवेदनों के साथ संलग्न किए गए आय प्रमाणपत्रों में फर्जीवाड़ा पकड़ में आने पर विभाग की ओर से सभी ब्लाॅक में आवेदनों की जांच कराई जा रही है। इसी दौरान लक्सर तहसील क्षेत्र में भी जांच के दौरान कुछ आवेदनों के साथ लगाए गए आय प्रमाणपत्र संदिग्ध मिले थे। इस पर विभाग की ओर से तहसील प्रशासन को आय प्रमाणपत्रों का की जानकारी देते हुए प्रमाणपत्रों का सत्यापन कराया गया। तहसील प्रशासन की जांच में तहसील क्षेत्र में 28 आय प्रमाणपत्रों में छेड़छाड़ और कूटरचना की बात सामने आई है। तहसीलदार की ओर से विभागीय अधिकारियों को सत्यापन की रिपोर्ट भेजी गई है। इसके बाद विभाग अब संबंधित आवेदकों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। विभाग आवेदकों से रिकवरी के साथ कानूनी कार्रवाई की भी तैयारी कर रहा है।
प्रमाणपत्र में कूटरचना कर घटा दी आय
लक्सर। नंदा गौरा योजना के तहत आवेदन के लिए परिवार की मासिक आय अधिकतम 6 हजार रुपये होनी चाहिए। लेकिन कुछ आवेदकों ने तहसील से जारी किए 6 हजार मासिक आय के प्रमाणपत्र में छेड़छाड़ करते हुए कूटरचना कर इसमें आय को 5 हजार अथवा इससे कम दर्शाया है। जांच मंे यह कूटरचना पकड़ में आई है।

