राजीव नामदेव –
हरिद्वार जनपद के लक्सर में भारतीय जनता पार्टी ने देवेंद्र चौधरी को नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी बनाया है। देवेंद्र चौधरी भाजपा के मंडल महामंत्री हैं। उनके पिता चौधरी अजब सिंह गन्ना समिति में अध्यक्ष रहें हैं। उनकी राजनीतिक पृश्ठभूमि, सक्रियता और संगठन में कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के साथ उनके संबंधों का लाभ उन्हें टिकट के रूप में मिला।
लक्सर नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए भारतीय जनता पार्टी में ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री महेंद्र धीमान, मोर्चा के मीडिया प्रभारी शिवम कश्यप, मंडल महामंत्री मोहित वर्मा, बिशनपाल कश्यप व एक दो अन्य नाम टिकट के दावेदारों में शुमार थे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, देवेंद्र चौधरी और महेंद्र धीमान को टिकट के प्रबल दावेदारों में शुमार किया जा रहा था। पुराने संघी महेंद्र धीमान की दावेदारी काफ़ी मज़बूत मानी जा रही थी। लेकिन अंतिम समय में देवेंद्र चौधरी टिकट की दौड़ में बाज़ी मार गए।
![](https://janpaksh.in/wp-content/uploads/2024/12/IMG-20241228-WA0016.jpg)
पूर्व में कांग्रेस में रह चुके देवेंद्र चौधरी ने करीब तीन साल पहले भाजपा का दामन थामा था। उनके पिता चौधरी अजब सिंह खांटी कांग्रेसी रहे हैं। भाजपा में शामिल होने के बाद मंडल महामंत्री बनाए जाने के बाद से देवेंद्र चौधरी लगातार सक्रिय रहे हैं। संगठन के स्थानीय पदाधिकारियों के साथ उनका तालमेल सही रहा है। इसके अलावा पार्टी के आला नेताओं के साथ संबंध व राजनीतिक पृश्ठभूमि उनके टिकट की रेस में आगे निकलने में सहायक रही। देवेंद्र चौधरी ने बताया कि पार्टी के पदाधिकारियों आला नेताओं एवं स्थानीय कार्यकर्ताओं का समर्थन उन्हें मिला है। किसको चुनाव मैदान में उतारना है यह संगठन का सामूहिक निर्णय होता है। संगठन ने उन पर विश्वास जताया है। कार्यकर्ताओं के सहयोग और जनता के समर्थन से से वह इस पर खरा उतरने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। सभी को साथ लेकर चुनाव लड़ा जाएगा।