जम्मू मंडल में ट्रेनों का आवागमन पूरी तरह से सामान्य होने के लिए यात्रियों को अभी इंतजार करना होगा। रेलवे ने मार्च माह तक स्थगित की गई 4 जोड़ी ट्रेनों के स्थगन की अवधि को दो माह आगे बढ़ा दिया है। अप्रैल माह के बजाय ट्रेनों का संचालन अब मई माह के अंत में शुरू होगा।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने बताया कि जम्मूतवी मंडल मे ब्रिज संख्या 17, 163, 127 और 232 पर मरम्मत और पुननिर्माण से संबंधित कार्य गतिमान हैं। कार्य के चलते मंडल में संचालित होने वाली 4 जोड़ी ट्रेनों की स्थगन अवधि को बढ़ाया गया है। इनमें 12207 काठगोदाम – जम्मूतवी गरीबरथ एक्सप्रेस अब 31 मार्च के बजाय 2 जून तक स्थगित रहेगी। 12208 जम्मूतवी – काठगोदाम 31 मई तक स्थगित रहेगी। इसके अलावा 12209 कानपुर सेंट्रल – काठगोदाम गरीबरथ एक्सप्रेस 2 जून और 12210 काठगोदाम – कानपुर सेंट्रल 1 जून, 14611 गाजीपुर सिटी – श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस 29 मई, 14612 श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस 28 मई तक जबकि, 22431 सूबेदारगंज – शहीद कैप्टन तुषार महाजन रेलवे स्टेशन 28 मई और 22432 शहीद कैप्टन तुषार महाजन रेलवे स्टेशन – सूबेदारगंज एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन 31 मई तक स्थगित रहेगा।
इनसेट
दस ट्रेनों का मोहनलालगंज में होगा ठहराव
लक्सर। सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए 25 फरवरी से 1 मार्च तक दस ट्रेनों को मोहनलालगंज रेलवे स्टेशन पर ठहराव दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुरादाबाद मंडल से गुजरने वालीं हावड़ा – अमृतसर – हावड़ा मेल, प्रयागराज संगम – बरेली – प्रयागराज संगम एक्सप्रेस, सिंगरौली – टनकपुर – सिंगरौली त्रिवेणी एक्सप्रेस, शक्तिनगर – टनकपुर – शक्तिनगर त्रिवेणी एक्सप्रेस और बनारस – देहरादून – बनारस जनता एक्सप्रेस ट्रेनों को मोहनलालगंज रेलवे स्टेशन पर एक मिनट का ठहराव दिया गया है।

