सब कुछ योजना के अनुसार हुआ तो लक्सर को बड़ी सौगात मिल सकती है। रेलवे विभाग लक्सर में ट्रेनसेट डिपो स्थापित किए जाने की संभावनाएं टटोल रहा है। ट्रेनसेट डिपो की स्थापना के लिए यहां फिजीबिलिटी सर्वे की प्रक्रिया आरंभ की गई है। प्रवर मंडल यांत्रिक अभियंता की ओर स्टेशन अधीक्षक, सीनियर सेक्शन इंजीनियर सहित संबंधित विभागों को सर्वे और रफ साइट स्केच तैयार करने के लिए लिए नामित करते हुए पत्र भेजा गया है
फिलहाल दिल्ली, शकूरबस्ती और लखनऊ सहित महत्तवपूर्ण स्थानों पर ही ट्रेनसेट डिपो संचालित हो रहे हैं। वंदे भारत ट्रेनों के बढ़ते परिचालन और ट्रेनों के रखरखाव के लिए आधुनिक सुविधाओं के मद्देनजर प्रस्तावित डिपो में आधुनिक ट्रेनसेट, पिटलाइन, स्टेबलिंग लाइन, वाशिंक सुविधाएं, यूटिलिटी, इंफ्रास्ट्रक्चर, प्रशासनिक सुविधाएं, स्टोर सहित अन्य सुविधाएं शामिल किए जाने की योजना है। यहां वंदेभारत सहित दूसरी ट्रेनों के कोच का रखरखाव, वाशिंग, मरम्मत सहित दूसरे कार्य कराए जाएंगे। इससे यहां दूसरी सुविधाओं के विस्तार के साथ ही परोक्ष अपरोक्ष रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे लक्सर रेलवे स्टेशन हरिद्वार, देहरादून, रुड़की सहारनपुर, नजीबाबाद, मुरादाबाद सहित महत्तवपूर्ण रेलवे स्टेशनों को जोड़ता है। बेहतर कनेक्टिविटी के साथ यहां पहले ही लोको शेड, यार्ड इंफ्रास्ट्रक्चर, रेलवे कॉलोनी, टीएक्सएल प्वाइंट सहित बुनियादी ढांचा और पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। ऐसे में विभाग के लिए तकनीकी और आर्थिक तौर पर लक्सर ट्रेनसेट डिपो स्थापित किए जाने के लिए मुफीद साबित हो सकता है।


