नाबालिग को प्रेमजाल में फंसाकर युवक उसका यौन शोषण करता रहा। बाद में मामला उजागर होने पर जिम्मेदार लोगों की मौजूदगी में हुए समझौते में युवक ने युवती से संबंध समाप्त करने का वादा किया। लेकिन कुछ समय बाद परिजन ने जब युवती की शादी तय कर दी तो आरोपी ने युवती के फोटो और वीडियो उसकी होने वाली ससुराल भेजकर उसका रिश्ता तुड़वा दिया। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
मामला लक्सर कोतवाली क्षेत्र के गांव का है। युवती के के परिजन ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि करीब 6 वर्ष पहले उनकी बेटी नाबालिग थी। इस दौरान गांव के ही एक युवक ने उसे अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। आरोपी ने अलग – अलग स्थानों पर ले जाकर उसका यौन शोषण किया। युवती के बालिग होने के बाद करीब दो साल पहले परिजन को मामले की जानकारी हुई। इस दौरान दोनों पक्षों के जिम्मेदार लोगों की मौजूदगी में युवक ने भविष्य में युवती के साथ कोई संबंध नहीं रखने और उसे परेशान नहीं करने का वादा किया। समझौता होने के बाद युवती के परिजन ने उस समय पुलिस को कोई शिकायत नहीं की। युवती के पिता के अनुसार, उन्हाेंने कुछ समय पूर्व अपनी जान पहचान में युवती की शादी तय की थी। आरोप है कि, इसके बाद से युवक युवती को परेशान करते हुए धमका रहा था। इसी दौरान युवक ने अपने पास मौजूद युवती के फोटो औैर वीडियो युवती की होने वाली ससुराल में भेज दिए। इसके चलते युवती का रिश्ता टूट गया। उन्होंने शिकायत की तो आरोपी ने उन्हें धमकी दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में कार्रवाई की जा रही है।

