वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए कोतवाली पुलिस ने दो आरोपी वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से हाल ही में चोरी की गई दो बाइकों सहित पांच बाइक बरामद की गई हैं। पूछताछ के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
सीओ देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि 11 सितंबर को नगर के सीमली निवासी राजीव कुमार और तुगलपुर गांव निवासी गोविंद कुमार की ओर से सीमली और तहसील रोड से अपनी बाइकें चोरी हो जाने के संबंध में लक्सर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी के नेतृत्व में एक पुलिस टीम वाहन चोरों की तलाश में जुटी थी। सीसीटीवी फुटेज और सुरागरशी करते हुए पुलिस ने आरोपियों को चिन्ह्ति कर लिया। शनिवार की रात पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अहसान निवासी लक्सरी वार्ड कोतवाली लक्सर और जीशान निवासी धनपुरा थाना पथरी बताए। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने नगर में चोरी हुई दोनों बाइकों के साथ अलग – अलग स्थानों से चोरी की गई तीन अन्य बाइक भी बरामद की। इनमें एक बाइक की चेसिस बरामद हुई है। पूछताछ के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
पहले से दर्ज हैं मामले
वाहन चोरी के आरोप में गिरफ्तार आरोपी अहसान के खिलाफ चोरी और शस्त्र अधिनियम के के तहत छह और आरोपी जीशान के खिलाफ चोरी का एक मामला पहले से दर्ज है। आरोपी पूर्व में भी जेल जा चुके हैं। दोनों अपनी जरुरतें और शौक पूरा करने के लिए वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि आरोपी क्षेत्र में घूमकर वाहनों की रेकी करते रहते थे। मौका मिलते ही वह वाहन चोरी कर लेते थे। इसके बाद वह इन वाहनों की नंबर प्लेट, पेट्रोल टैंक, वाइजर आदि में बदलाव कर इन्हें औने पौने दाम पर बेच दिया करते थे। आरोपियों से बरामद एक बाइक का इसी प्रकार पेट्रोल टैंक आदि बदला गया था। जबकि एक बाइक के पार्ट्स अलग – अलग कर आरोपियों ने बेच दिए। बाइक का केवल ढांचा ही बरामद हो सका। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों से कुछ संदिग्धों के संबंध में जानकारी मिली है। संदिग्धों की जांच की जा रही है। यदि उनकी संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

