निजी क्लीनिक में प्रसव के बाद तबीयत बिगडने़ और उपचार के दौरान महिला की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने ऐथल स्थित भारत क्लीनिक का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान क्लीनिक पर कोई चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं मिला। जांच में यहां कई अनियमितताएं मिलीं। इस पर कार्रवाई करते हुए क्लीनिक को सील कर दिया गया।
लक्सर सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. सैयद रफी अहमद ने बताया कि ऐथल में संचालित भारत क्लीनिक में प्रसव के दौरान सीधडू गांव निवासी एक महिला की तबीयत बिगड़ गई थी। महिला को लक्सर के अस्पताल और इसके बाद देहरादून रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। महिला की मौत का मामला संज्ञान में आने पर उच्चाधिकारियों के निर्देश पर दो दिन पहले क्लीनिक का निरीक्षण किया गया था। इस दौरान क्लीनिक संचालक, चिकित्सक अथवा कोई स्वास्थ्यकर्मी मौके पर नहीं मिला। एक रिशेप्सनिस्ट ही क्लीनिक में मौजूद थी। जांच में क्लीनिक में कई अनियमितताएं सामने आईं। इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी गई थी। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित व सीएमओ डाॅ. आर के सिंह ने मामले में कार्रवाई के आदेश दिए थे। इस पर शुक्रवार को चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. सैयद रफी अहमद, चिकित्साधिकारी डाॅ. नलिंद असवाल विभागीय टीम के साथ क्लीनिक पर पहुंचे और क्लीनिक को सील कर दिया गया।
——
आयुर्वेदिक क्लीनिक के तौर पर है पंजीकरण
लक्सर। विभागीय जांच में सामने आया कि क्लीनिक का आयुर्वेदिक क्लीनिक के तौर पर पंजीकरण कराया गया था। लेकिन मौके पर एलोपैथिक दवाएं, इंजेक्शन आदि मिले। क्लीनिक में चिकित्सक, स्टाॅफ नर्स अथवा प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं थे। बावजूद इस सबके यहां गर्भवती महिलाओं का प्रसव कराया जा रहा था। नियमानुसार ऐसा नहीं किया जा सकता।
——
निरीक्षण में अनियमितता मिलने पर क्लीनिक को सील कर दिया गया है। संचालक को नोटिस जारी किया जा रहा है। उच्चाधिकारियों के स्तर से नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। डाॅ. सैयद रफी अहमद, चिकित्सा अधीक्षक

