लक्सर। एच आर पब्लिक स्कूल लक्सर में स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। समारोह में विद्यालय के छात्र – छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृति एवं देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।
काॅलेज के चेयरमैन गोपाल अग्रवाल और प्रबंध निदेशक मीनाक्षी अग्रवाल ने ध्वजारोहण कर समारोह की शुरूआत की। चेयरमैन गोपाल अग्रवाल ने कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि इसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी हमारी है। इसके लिए विद्यार्थियों को जिम्मेदार, अनुशासित और जागरूक नागरिक बनना होगा। प्रबंध निदेशक मीनाक्षी अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है। शिक्षा विद्यार्थी के सर्वांगीण विकास का माध्यम है। विद्यार्थी शिक्षा के साथ – साथ खेल, कला, संस्कृति, रचनात्मक गतिविधियों और सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाएं। प्रधानाचार्य अनीश कुमार सिंघल ने कहा कि विद्यार्थियों को अनुशासन, आत्मविश्वास, मेहनत और देशभक्ति की भावना के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए। आज के विद्यार्थी ही कल के सशक्त और जिम्मेदार भारत का निर्माण करेंगे। समारोह में विद्यार्थियों ने भाषण, वाद – विवाद, फैंसीड्रेस प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति से ओत – प्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।

