हरिद्वार जनपद की लक्सर विधानसभा सीट से बसपा विधायक शहजाद ने जनपद में गोकशी की घटनाओं और इन मामलों में हो रही गिरफ्तारियांे पर सवाल उठाए हैं। विधायक ने कहा कि षड़यंत्र के तहत इस प्रकार की घटनाएं हो रहीं हैं। इसके पीछे राजनीतिक कारण होने की आशंका जताते हुए विधायक ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर मामले की निष्पक्ष एवं गोपनीय जांच कराए जाने की मांग की है
एसएसपी को भेजे गए पत्र में बसपा विधायक शहजाद ने बताया कि पिछले कुछ समय में क्षेत्र में गोकशी और गोवंश के अवशेष मिलने की घटनाएं सामने आई हैं। लक्सर क्षेत्र के सुल्तानपुर और कंकरखाता गांव में हाल ही में हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए विधायक ने पत्र में बताया कि मामले में हिंदू संगठनों की ओर से प्रदर्शन किए जाने के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी की। लेकिन इस पर कई सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी और घटनाओं को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि जिन इलाकों में इस प्रकार की घटनाएं कभी नहीं हुई और वहां दूसरे समुदाय की आबादी न के बराबर है, वहां भी इस प्रकार की घटनाएं अब हो रहीं हैं। ऐसे में पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं। विधायक ने पत्र में कहा कि गिरफ्तारियां होने के बावजूद इस प्रकार की घटनाओं का नहीं रुकना बताता है कि वास्तविक अपराधियों पर कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने मामले में राजनीतिक षड़यंत्र का अंदेशा जताते हुए पत्र में बताया कि एक राजनीतिक व्यक्ति की ओर से गोकशी के मामले में गिरफ्तार आरोपियों को अपनी शरण में आने और इसके बदले उन्हें जेल जाने से बचाने की बात कही गई। इससे यह मामला पूरी तरह राजनीति से जुड़ा नजर आ रहा है। विधायक ने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष एवं गोपनीय जांच कराए जाने की मांग की है।

