यूनाइटेड एग्रो इंडिया लाइफ नामक कंपनी में फिक्स डिपॉजिट कराने के नाम पर एक व्यक्ति से लाखों की रकम हड़पने का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
लक्सर कोतवाली के हबीबपुर कुड़ी गांव निवासी प्रमोद कुमार की ओर से न्यायालय को दिए गए प्रार्थनापत्र में बताया गया कि जनवरी 2015 में उनकी मुलाकात खुर्शीद निवासी मखियाली कलां कोतवाली लक्सर, प्रीतम निवासी ग्राम सिंकदरपुर थाना खानपुर और इरशाद निवासी बुडगिरी जनपद बिजनौर से हुई थी। वह एक यूनाइटेड एग्रो इंडिया लाइफ जो एफडी, आरडी करती है, में कार्य करते हैं। उन्होंने उनकी मुलाकात लक्सर स्थित कंपनी के कार्यालय में कंपनी के मालिक और निदेशक अहसान हैदर, मोहम्मद
शाहनवाज और मोहम्मद जावेद निवासी देवऋषि एनक्लेव, देहरादून से कराई। आरोपियों ने उन्हें देहरादून बुलाया और कंपनी में निवेश पर अच्छे रिटर्न की बात कही। उनकी बातों पर भरोसा कर उन्होंने 31 मार्च 20 मार्च 2015 से 17 फरवरी 2018 के बीच 9 लाख रुपये की चार एफडी करा ली। वर्ष 2020 से उनकी एफडी पूरी होने लगी थी लेकिन कोविड के कारण कंपनी का लक्सर कार्यालय बंद हो गया। इस दौरान आरोपियों ने उन्हें उनकी रकम वापस देने का भरोसा दिया। कोविड के बाद एफडी की रकम मांगने पर आरोपियों ने उन्हें उनकी रकम उन्हीं की एक दूसरी कंपनी में निवेश किए जाने की बात कही और पुराने निवेश के मुनाफे सहित 19, 33, 936 के तीन चेक भी दिए। बाद में यह चेक लेकर उन्हें 16 लाख की एफडी के नए पॉलिसी बांड भीदिए गए। 18 अगस्त 2026 को उन्होंने लक्सर में आरोपियों से मिलकर अपनी निवेश की 30.74 लाख की रकम वापस करने को कहा तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो उन्होंने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

