प्रदेश सरकार का तीन साल का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में लक्सर विधानसभा क्षेत्र में युवराज पैलेस में जन सेवा थीम पर बहुउद्देशीय शिविर एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम संयोजक पूर्व विधायक संजय गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, सह संयोजक जितेंद्र चौधरी, पूर्व नपा अध्यक्ष अंबरीश गर्ग व अतिथियों ने सरस्वती प्रतिमा के समक्ष दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार में उत्तराखंड विकास के नये आयाम छू रहा है। मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश में सख्त भू कानून, नकल विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता जैसे कड़े फैसले लेकर उत्तराखंड सरकार ने दूसरे राज्यों के सामने भी नजीर पेश की है।
जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार में समाज के अंतिम छोर पर मौजूद व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंच रहा है। सह संयोजक जितेंद्र चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार सभी वर्गों के हितों के लिए कार्य कर रही है। पूर्व नपा अध्यक्ष अंबरीश गर्ग ने कहा कि भाजपा सरकार में उत्तराखंड विकास के पथ पर अग्रसर है। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य निपेंद्र चौधरी ने कहा कि युवाओं को रोजगार देने और प्रदेश में परीक्षाओं में नकल पर मुख्यमंत्री ने कड़े कानून बनाकर युवाओं को रोजगार देने के अपने संकल्प को पूरा करने का कार्य किया है।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों की निशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान शिक्षा, नगर पालिका, समाज कल्याण, बाल विकास, राजस्व, उद्यान विभाग, पशुपालन विभाग, कृषि विभाग, मत्स्य विभाग, वन विभाग के स्टॉल पर लोगों को कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में एसडीएम सौरभ असवाल, तहसीलदार प्रताप सिंह चौहान, एसीएमओ डॉ. अनिल वर्मा, बीडीओ पवन सैनी, सहायक समाज कल्याण अधिकारी ममता जालवाल, सीडीपीओ सुधा त्रिपाठी, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और ब्लॉक प्रमुख हर्ष कुमार दौलत, मंडल अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल, अतुल गुप्ता, गोपाल अग्रवाल, देवेंद्र चौधरी, विकास खटाना, राजेश रस्तौगी, साधुराम वर्मा, विशाल मुखिया, सहदीप सिंह एडवोकेट सहित भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं के साथ ही बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
197 का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण, 27 को पेंशन
लक्सर। शिविर में महिलाओं को महालक्ष्मी किट प्रदान की गई। एनआरएलएम के तहत चयनित चार समूहों को 21 लाख के चेक दिए गए। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर में 197 लोगों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही समाज कल्याण विभाग की ओर से 27 लोगों की पेंशन स्वीकृत की गई। इसके साथ ही पीएम आवास योजना के पांच लाभार्थियों को आवास की चाबी सौंपी गई।