राजीव नामदेव –
लक्सर नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस ने पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष जगदेव सिंह को एक बार फिर मैदान में उतारा है। जगदेव सिंह लगातार दो बार नगर पंचायत अध्यक्ष रहे हैं। पार्टी के प्रति उनकी वफादारी और जातीय समीकरणों ने उनके लिए टिकट की राह आसान की।
जगदेव सिंह वर्ष 2003 में कांग्रेस के टिकट पर पहली बार नगर पंचायत अध्यक्ष का चुनाव जीते थे। इसके बाद 2008 में वह निर्दलीय चुनाव जीतकर लगातार दूसरी बार अध्यक्ष बने। इस बार भी टिकट के लिए उनका नाम प्रबल दावेदारों में शुमार था। उनके अलावा संजीव कुमार नीटू टिकट के प्रमुख दावेदार थे। शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुई प्रत्याशियों की सूची में संजीव कुमार का नाम शामिल था। हालांकि पार्टी की ओर से कुछ देर बाद इसक खंडन किया गया। इसके बाद देर रात को जगदेव सिंह के नाम का ऐलान किया गया।
लगातार कांग्रेस में रहे जगदेव सिंह को पार्टी के प्रति उनकी वफादारी का ईनाम मिला। साधारण और सौम्य स्वभाव के जगदेव सिंह की क्षेत्र में वोटरों पर मजबूत पकड़ मानी जाती है। जगदेव सिंह ने बताया कि वह कांग्रेस के समर्पित सिपाही हैं। संगठन ने उन पर विश्वास जताया है जनता के समर्थन से वह पार्टी के इस विश्वास पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे।