राजीव नामदेव –
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। जनता में सरकार के प्रति भारी नाराजगी है। निकाय चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखायेगी। उन्होंने निकाय चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत का दावा किया।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने बुधवार को लक्सर में कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व नपं अध्यक्ष जगदेव सिंह के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में जनता महंगाई, गरीबी, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से परेशान है। नगरों में सड़कें, जलनिकासी व दूसरी मूलभूत सुविधाओं की कमी जैसे बड़े मुद्दें हैं। कांग्रेस इन मुद्दों पर चुनाव लड़ रही है। भाजपा से परेशान आ चुकी जनता इन मुद्दों को ध्यान में रखकर कांग्रेस प्रत्याशियों को वोट देगी। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी जगदेव सिंह को वोट देने की अपील की।
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि जनता अब कांग्रेस को जिताने का मन बना चुकी है। निकाय चुनाव आगामी विधानसभा चुनाव की दिशा तय करेंगे। कांग्रेस नेता संजय पालीवाल और बालेश्वर सिंह ने भी पार्टी प्रत्याशी को जिताने की अपील की। पूर्व नपं अध्यक्ष जगदेव सिंह ने कहा कि जनता का आशीर्वाद मिलने पर नगर में जलनिकासी और सड़कों की बदहाली जैसी समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण कराया जाएगा। इस दौरान वरिष्ठ समाजसेवी डा. यशपाल अग्रवाल, नगर अध्यक्ष भगत सिंह, रतेंद्र तिवारी, मोहन सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मपाल सिंह, संदीप चौधरी, जगमेर सिंह, अमरजीत सिंह, तपन बनर्जी, सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।