राजीव नामदेव –
विधायक मोहम्मद शहजाद ने कहा कि भाजपा सरकार दलित और ग़रीब विरोधी सरकार है। मुख्यमंत्री ने आपदा के समय लक्सर क्षेत्र की जनता से जो वादे और घोषणाएं की वह झूठी साबित हुई। क्षेत्र की जनता निकाय चुनाव में इसका जवाब लेगी।
गुरुवार को विधायक मोहम्मद शहजाद ने लक्सर में नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए बसपा प्रत्याशी संजीव कुमार नीटू के कार्यालय का उद्घाटन किया। उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। कहा कि, बीते वर्ष आई बाढ़ के दौरान लक्सर पहुंचे मुख्यमंत्री ने लक्सर को आपदा प्रभावित घोषित करने की घोषणा की थी। उन्होंने नगर में आपदा प्रभावितों को मुआवज़ा दिए जाने और उनके तीन माह के विद्युत बिल माफ़ किए जाने की घोषणा की थी, लेकिन इनमें से कोई घोषणा पूरी नहीं हुई। कुछ ही आपदा प्रभावितों को नाममात्र मुआवज़ा दिया गया। लक्सर सीट के आरक्षण में बदलाव कर दलित समाज के साथ छल किया गया।
विधायक शहजाद ने कहा कि संजीव नीटू के नगर पालिका अध्यक्ष बनने पर नगर में अभी तक के हाउस टैक्स माफ़ किए जाने की मांग की जाएगी। जलनिकासी, पथ प्रकाश और सड़कों की समस्याओं का निस्तारण कराया जाएगा। बसपा प्रत्याशी संजीव कुमार नीटू ने कहा कि वह बीस वर्ष से नगर की जनता के लिए संघर्ष कर रहे हैं। जनता इस बार उन्हें सेवा करने का मौका दे, वह ईमानदारी के साथ नगर की जनता की सेवा करेंगे। बसपा के प्रदेश महासचिव नाथीराम ने भाजपा कांग्रेस पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। इस दौरान देवेश राणा, चंद्रपाल, मांगेराम, फकीरचंद, शमीम प्रधान, रियाजुल, सुरेंद्र, राजेश कुमार, राकेश कुमार, सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौज़ूद रहे।