ईद के दिन रायसी में हुई फायरिंग की घटना में नया मोड़ आ गया है। मामले में दूसरे पक्ष की ओर से भी नमाज पढ़ने गए परिजन पर धारदार हथियारों और लाठी डंडों से हमला करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी गई। पुलिस ने नामजद 17 आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है शनिवार की सुबह ईद की नमाज पढ़ने के लिए रायसी में ईदगाह पर गए खेड़ी खुर्द गांव के दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। मामले मेंं एक पक्ष के रिजवान ने गांव के आरोपी आस मोहम्मद, शौकत और सोहेल पर फायरिंग कर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस मुख्य आरोपी आस मोहम्मद को गिरफ्तार भी कर चुकी है। इस बीच दूसरे पक्ष की ओर से सद्दाम निवासी ग्राम खेड़ी खुर्द ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 21 मार्च की सुबह वह अपने रिश्ते के भाई आस मोहम्मद के साथ रायसी ईदगाह में नमाज पढ़ने के लिए गए थे। जहां आरोपी रिजवान, रजब, गयूर, तसलीम, ईसा, इसराइल, मूसा, आजम, जाहुल, माजिद, शकील, सलीम, मुस्तकीम, याद हुसैन, नाजिम, परवेज, और अनस निवागण ग्राम खेड़ी खुर्द ने आस मोहम्मद को घेरकर उस पर तबल, गंडासे, सरिए, ईंट और लाठी डंडों से जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। हमलावरों ने उसे बुरी तरह से पीटा, बीच बचाव कराने पर उनके और परिवार के इस्तकार व अरशद के साथ भी मारपीट की गई। शोर शराब सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने उन्हें किसी प्रकार बचाया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद 17 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटना की जांच की जा रही है।
दोनों पक्षों के बीच तनाव पर पुलिस सतर्क लक्सर। खेड़ी गांव में वर्ष 2021 में दोनों पक्षों के विवाद में चार लोगों की हत्या हुई थी। इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच रंजिश चली आ रही है। ईद पर हुई घटना के बाद अब दोनों पक्षों के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि एहतियातन गांव में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। दोनों पक्षों को संयम बरतने और माहौल खराब करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

