युवक पर भरोसा कर उसके साथ लिव इन में रहने आई तलाकशुदा महिला को धोखा मिला। आरोपी युवक उससे शादी करने का वादा करके दो वर्ष तक शारीरिक संबंध बनाता रहा, लेकिन बाद में उसने महिला से शादी करने से इन्कार कर दिया। महिला ने अब आरोपी युवक और उसके परिजन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के पुरकाजी क्षेत्र निवासी महिला की ओर से न्यायालय को प्रार्थनापत्र देकर बताया कि उनका अपने पति से तलाक हो गया था। हरिद्वार जनपद के लक्सर कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी एक युवक का उनके घर आना जाना था। बातचीत के दौरान युवक ने उनसे शादी करने का वादा किया और करीब दो साल पहले अपने साथ अपने घर ले आया। बीते दो वर्षों से आरोपी युवक शादी का झांसा देकर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाता आ रहा है। इस दौरान उसने कई बार शादी करने को कहा, लेकिन आरोपी बहाने बनाकर टालता रहा। पिछले दिनों उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने उससे शादी करने से साफ इन्कार कर दिया। उसने युवक के परिजन को इस बाबत बताया तो उन्होंने भी उसके साथ गाली गलौज करते हुए धमकी दी। मामले की शिकायत पुलिस से की गई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर उन्हें न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपी युवक, उसके दो भाइयों और युवक की मां के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

