सर्पदंश का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक 17 वर्षीय किशोरी को करीब डेढ़ माह के दौरान आठ बार सांप के डंसने की घटना सामने आई है। मंगलवार शाम को एक बार फिर सांप के डंसने के बाद परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया। लगातार हो रही घटनाओं से परिवार के साथ आसपास के लोगों में भी भय का माहौल है।
मामला उत्तर प्रदेश के हाथरस जनपद के एक गांव का बताया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स में परिजनों के अनुसार, घर में पिछले कई दिनों से सांप दिखाई दे रहा है। मंगलवार शाम भी घर में काले रंग का सांप नजर आया। इसी दौरान किशोरी को सांप ने डंस लिया। घटना के बाद परिजन तत्काल उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
बताया गया कि इससे पहले भी किशोरी को अगस्त में कई बार सांप ने डंसा था। इसके बाद सितंबर में लगातार कई दिनों तक सर्पदंश की घटनाएं हुईं। एक घटना में बाथरूम में सांप के डंसने की बात भी सामने आई थी। उपचार के बाद हालत में सुधार होने पर चिकित्सकों ने किशोरी को घर भेज दिया था।
बार-बार सांप दिखाई देने और सर्पदंश की घटनाओं से परिवार के लोग बेहद परेशान हैं। सांप को पकड़ने के लिए सर्प मित्रों की मदद भी ली गई, लेकिन सांप का पता नहीं चल सका। परिवार ने अब वन विभाग से घर में बार-बार दिखाई दे रहे सांप को पकड़ने की मांग की है।
घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। परिजनों ने किशोरी को लेकर झाड़-फूंक भी कराई। हालांकि चिकित्सकों का कहना है कि सर्पदंश की स्थिति में मरीज को तत्काल अस्पताल पहुंचाना चाहिए। जिला अस्पताल में सर्पदंश के मरीजों के उपचार और एंटीवेनम की व्यवस्था उपलब्ध है।

