क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं के दौरान घायलों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में वरिष्ठ भाजपा नेता सचिन अग्रवाल ने एक सराहनीय और जनहितकारी पहल की है। उनके प्रयासों से अब लक्सर नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस निशुल्क एंबुलेंस सेवा की सौगात मिलने जा रही है। इस पहल से न केवल दुर्घटना पीड़ितों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद मिलेगी, बल्कि कई अनमोल जिंदगियों को बचाने की उम्मीद भी जगेगी।
हरिद्वार मार्ग स्थित अपने कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में सचिन अग्रवाल ने बताया कि क्षेत्र में आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। कई बार समय पर एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार उपलब्ध नहीं होने के कारण घायलों को अपनी जान गंवानी पड़ती है। इस गंभीर समस्या को देखते हुए उन्होंने क्षेत्रवासियों की सुविधा के लिए आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से सुसज्जित निशुल्क एंबुलेंस सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है उन्होंने बताया कि 19 नवंबर को रानी लक्ष्मीबाई जयंती के अवसर पर लक्सर में ‘वीरांगना संजीवनी एंबुलेंस सेवा’ जनता को समर्पित की जाएगी। इस सेवा के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के साथ उन्हें नजदीकी अस्पताल तक निशुल्क पहुंचाया जाएगा। इसके लिए टोल फ्री नंबर भी जारी किया जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर कोई भी व्यक्ति आसानी से एंबुलेंस की सहायता प्राप्त कर सके। सचिन अग्रवाल की इस पहल की खास बात यह है कि उन्होंने सामाजिक सरोकारों को केवल आश्वासनों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारने का प्रयास किया है। पिछले दिनों रक्षा सूत्र कार्यक्रम में माताओं और बहनों को सुख-दुख में साथ देने का भरोसा दिलाने के बाद अब इस सेवा की शुरुआत उसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 198 महिलाओं को सम्मानित भी किया जाएगा। इन्हीं महिलाओं के हाथों एंबुलेंस सेवा का शुभारंभ कराया जाएगा।

