कई बार दूसरों की करनी किसी और के लिए परेशानी का कारण बन जाती है। ऐसा ही हुआ एक नाबालिग के साथ जहां दो लोगों के बीच बने प्रेम संबंध उसके लिए परेशानी का कारण बन गए। गनीमत रही कि मामला चाइल्ड हेल्पलाइन तक पहुंच गया नहीं को कई लोगों के लिए आने वाले समय में कई और दिक्कतें हो जाने वाली थीं।
और यह सब हुआ एक युवक की रिश्ते की मामी के साथ आंखे चार हो जाने के कारण। यह अजीबोगरीब मामला सामने आया उत्तर प्रदेश के एटा जनपद के पिलुआ थाना क्षेत्र में। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, स्थानीय एक युवक का अपनी रिश्ते की मामी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बीच परिजन ने युवक का रिश्ता फिरोजाबाद में परिचित की बेटी से तय कर दिया। युवक भी उस समय इससे इन्कार नहीं कर सका। 21 अप्रैल को युवक की बरात जानी थी। घर में बरात की तैयारियां चल रही थीं। इस बीच युवक सैलून जाने की बात कहकर घर से निकला था। उसकी रिश्ते की मामी भी उसके साथ थी। दोनों गए तो वापस नहीं लौटे। देर शाम तक दोनों के वापस नहीं लौटने पर परिजन ने उनकी खोजबीन कराई तो वह कहीं नहीं मिले, अलबत्ता उनके बीच की कहानी परिजन के सामने आ गई। उधर, दुल्हन पक्ष बरात का इंतजार कर रहा था। काफी माथापच्ची के बाद आखिरकार परिजन और रिश्तेदारों ने युवक के छोटे भाई से युवती की शादी कराने की निर्णय लिया। किशोर उम्र जहां करीब 15 वर्ष है, वहीं युवती की उम्र करीब 26 वर्ष थी, लेकिन इज्जत के लिए युवती पक्ष भी इसके लिए राजी हो गया। इस बीच किसी ने चाइल्ड हेल्पलाइन को बाल विवाह की सूचना दी। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची और शादी को रुकवा कर किशोर को अपने साथ ले आई। अधिकारियों ने बताया कि किशोर को बाल संरक्षण समिति के समक्ष पेश किया जा रहा है।

